जमशेदपुर : एमजीएम थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालीगुमा एनएच-33 स्थित एक गुमटी में छापेमारी की। पुलिस ने यहां से 2 किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन युक्त नशीली सिरप की सात बोतल और 3,320 रुपये नकद बरामद किए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा में किया कार शोरूम के पास एक गुमटी में बिस्किट और चॉकलेट की आड़ में गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास के साथ छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने गुमटी की घेराबंदी कर वहां मौजूद नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34) को गिरफ्तार कर लिया।
गुमटी से गांजा, नशीली सिरप और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को अलग-अलग पैकेट में कुल 2.060 किलोग्राम गांजा मिला। इसमें करीब 790 ग्राम गांजा छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक था, जबकि 1.270 किलोग्राम गांजा हरे रंग की पॉलिथीन में रखा गया था।
इसके अलावा पुलिस ने ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 एमएल की सात बोतल, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक रेडमी स्मार्टफोन बरामद किया।
पूछताछ में सामने आया अवैध कारोबार का नेटवर्क
पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है।
इस संबंध में एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026, दिनांक 8 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के अलावा NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B), 21(b), 22 और 29 तथा Drugs and Cosmetics Act की धारा 27(b)(ii) के तहत कार्रवाई शुरू की है।