जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में चोरों ने 18 दिनों से बंद एक मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब दो लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब मकान मालकिन रिंकी कुमारी सिंह परिवार के साथ सिवान से वापस लौटीं।
रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को टीएमएच में इलाज के दौरान निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद वह परिवार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने बिहार के सिवान चली गई थीं।
इस दौरान उनका घर करीब 18 दिनों तक बंद रहा। रविवार सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के दोनों दरवाजों के ताले टूटे हुए थे।
घर के अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली हुई थी और पलंग पर रखे कपड़े अस्त-व्यस्त थे। जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
जेवरात के खाली डिब्बे भी कमरे में बिखरे पड़े थे। इसके अलावा अलमारी में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी भी चोरी हो गई।
परिवार के अनुसार, घर में महिला समूह और चिटफंड से जुड़ी कुछ रकम के अलावा पिता के इलाज के लिए रखे गए पैसे भी मौजूद थे। पीड़िता ने चोरी हुए जेवरात और नकदी समेत कुल नुकसान करीब 30 से 50 लाख रुपये होने की आशंका जताई है।
हालांकि, वास्तविक नुकसान का पता सामान की पूरी सूची तैयार होने और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
घर लंबे समय से बंद होने की जानकारी रखने वाले पर शक
परिवार को आशंका है कि चोरों को मकान के लंबे समय से बंद रहने की जानकारी थी। करीब 18 दिनों तक घर बंद रहने के बावजूद आसपास के लोगों को चोरी की भनक नहीं लगना भी जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है।
परिवार ने किसी परिचित या आसपास के व्यक्ति द्वारा घर की गतिविधियों पर नजर रखने की आशंका जताई है।
सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और इलाके में आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार ने चोरों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद लेने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने चोरों की पहचान करने के साथ चोरी हुए जेवरात और नकदी बरामद करने की चुनौती है।
गोलपहाड़ी नया बस्ती में 18 दिनों से बंद मकान में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।