जमशेदपुर: जमशेदपुर में नशेड़ियों और अवैध गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। रेलवे स्टेशन, बहरागोड़ा और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले एक माह में कई गिरफ्तारियां हुईं और मादक पदार्थ जब्त किए गए।
अभियान के तहत एमजीएम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित साधु समेत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 7.8 किलोग्राम गांजा, गांजा से भरी तैयार सिगरेट, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा स्थित काली मंदिर के पास एक गुमटी में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रौशन कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरी 60 तैयार सिगरेट, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन तथा बिक्री से प्राप्त 3,060 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान रौशन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ साधु से सप्ताह में दो से तीन बार गांजा खरीदकर जमशेदपुर शहर में उसकी सप्लाई करता था।
रौशन की निशानदेही पर पुलिस ने शंभू महतो के घर छापेमारी की, जहां से 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजा के बीज तथा 5,840 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने शंभू महतो उर्फ साधु को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार रौशन कुमार वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई जाती थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस इस मामले में पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।