धान की रोपनी पिछड़ने के बाद किसान खुद उतर गए मैदान में
गालूडीह: पूर्वी सिंहभूम जिले के दलदली पंचायत मे चांडिल मुख्य कैनाल में आया पानी 20 दिन के बाद भी किसानों के खेतों तक नहीं पहुंच पाया था। पानी के इंतजार में धान की रोपनी पिछड़ने के बाद आखिरकार किसान खुद मैदान में उतर गए।
4 गांव के किसानों ने टीम बनाकर कुदाल-फावड़ा लेकर करीब 2 किलोमीटर लंबी कैनाल की सफाई की।
चांडिल मुख्य कैनाल से हरमाडीह मुख्य कैनाल में पानी आने के 20 दिन बीत जाने के बाद भी बनामघुटू,कोडिया,सिरका सहित बारडीह में पानी नहीं पहुंचा ।

इसका एक कारण कैनालों में जगह-जगह सिल्ट, घास और कचरा जमा होने से पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा था और दुसरा कारण है विभागीय गलती कैनाल ऊंचा नीचा बनाया गया है जिसके कारण पानी इन चार गांवों में कछुए की रफ्तार से आ रही है बनामघुटू में तो पानी जा ही नहीं पाता है।
किसानों का कहना है “बार-बार विभाग को सूचना दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब रोपनी का समय निकल रहा है। मजबूरी में खुद ही सफाई करनी पड़ी।”
जिसके कारण रविवार को दलदली पंचायत के 4 गांवों के करीब 60 किसानों ने एकजुट होकर श्रमदान किया। सुबह से शाम तक पुरुषों ने मिलकर कैनाल में जमी 1 से 2 फीट तक की गाद और झाड़ियों को कुदाल से निकाला।
एक किसान ने कहा “सरकार और विभाग भरोसे बैठे रहते तो फसल चौपट हो जाती। आज 2 किमी नहर साफ कर दी है। अब उम्मीद है 2 दिन में पानी खेतों तक पहुंच जाएगा।
इस मौके पर कान्हुराम मुर्मू,नारायण चंद मुर्मू, बसेन मुर्मू, गुणधार कर्मकार, अतुल कर्मकार, संग्राम सोरेन, रेसो टुडू, दिनेश हांसदा ,राजेश मुर्मू आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।