July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर के बिरसानगर में दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर, खोजबीन में जुटी पुलिस

जमशेदपुर के बिरसानगर में दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर, खोजबीन में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग के साथ-साथ चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। बिरसानगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

साधु डेरा स्थित लाल स्कूल के समीप खड़ी एक मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर ने कुछ ही मिनटों में चोरी कर लिया। राहत की बात यह रही कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, आलोक दास अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (JH05 AN 6714) बाइक को लाल स्कूल के पास खड़ी कर किसी जरूरी काम से गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि बाइक वहां से गायब है।

पहले उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

फुटेज में एक संदिग्ध युवक आराम से बाइक लेकर मौके से फरार होता दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में दिख रहे संदिग्ध की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बिरसानगर इलाके में लगातार सामने आ रही बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।

लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading