August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के लिए जिला प्रशासन सतर्क

जमशेदपुर में 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा के लिए जिला प्रशासन सतर्क

आठ परीक्षा केंद्रों पर 4000 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी

सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति

जमशेदपुर : जमशेदपुर में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, फ्रिस्किंग और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।

बैठक में प्रशासन, पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों के अलावा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और विभिन्न परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के छह शिक्षण संस्थानों में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां चार हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिले में जिन संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनमें लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह, को-ऑपरेटिव कॉलेज, वीमेन्स यूनिवर्सिटी जमशेदपुर, द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स, राजकीय आदिवासी हाई स्कूल सीतारामडेरा तथा एलबीएसएम कॉलेज गोलमुरी शामिल हैं।

उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट, सुगम यातायात व्यवस्था और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौक-चौराहों तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग की जाएगी और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इनविजिलेटर के रूप में केवल सरकारी कर्मियों की ही तैनाती की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज कर सील किया जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उप समाहर्ता, डीआईओ, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी ट्रैफिक, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधन प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि तय समय सीमा के भीतर ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। पिछली बार विलंब की वजह से कई परीक्षार्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading