चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के आसनलतिया पंचायत अंतर्गत दलकी गांव में अंधविश्वास से जुड़ी हिंसा का मामला सामने आया है। यहां डायन-बिसाही का आरोप लगाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने बुजुर्ग महिला पर डायन-बिसाही करने का आरोप लगाया और इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की। रातभर तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार तड़के परिजन उन्हें चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की निगरानी में महिला का इलाज चल रहा है।
पहले भी दो बार हो चुकी है मारपीट
पीड़िता के परिजनों ने गांव के चिकनी मुंडारी, मिलु मुंडारी, बाया मुंडारी, मोटू, तुराम और राजू समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि बुजुर्ग महिला को इससे पहले भी दो बार इसी तरह निशाना बनाया जा चुका है। तीसरी बार हुई इस घटना के बाद परिवार के लोग काफी भयभीीत हैं और उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।
अस्पताल पहुंची पुलिस, बयान दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद चक्रधरपुर थाना पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और घायल महिला तथा उनके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने घटना के संबंध में बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
डायन-बिसाही जैसे अंधविश्वास के नाम पर बुजुर्ग महिला के साथ बार-बार कथित हिंसा किए जाने की घटना ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब आरोपों की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।