सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के कृष्णापुर निवासी अमित सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले दो लोहे के हथौड़े समेत कई सामान बरामद किए हैं।
बुधवार को एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि अमित सरदार की 25 जुलाई को हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस ने हत्याकांड के आरोप में दिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू, सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा, स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु और मिलन सिंह को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे दो लोहे के हथौड़े, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटा गया पत्थर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।