कोडरमा: जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत मधुवन में जंगली बांस की खुखड़ी की सब्जी खाने के बाद चार बच्चों समेत पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद चार बच्चों को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक महिला का प्राथमिक उपचार परिजनों ने घर पर ही कराया।
बाजार से 400 रुपये किलो खरीदी थी खुखड़ी
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोगों ने बाजार से करीब 400 रुपये प्रति किलो की दर से खुखड़ी खरीदकर घर लाया था। इसके बाद परिवार में खुखड़ी की सब्जी बनाकर खाई गई। खाना खाने के कुछ ही समय बाद परिवार के सदस्यों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ते ही परिजन बच्चों को लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचे।
चार बच्चों का अस्पताल में इलाज
कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों की पहचान मौसम कुमारी (16), पिता निर्मल यादव, नैतिक कुमार (10), पिता रामानंद यादव, उज्जवल कुमार (10) और सूरज कुमार (12), दोनों पिता निर्मल यादव के रूप में हुई है।
परिजन निर्मल यादव ने बताया कि खुखड़ी की सब्जी खाने के कुछ देर बाद बच्चों और महिला की तबीयत अचानक खराब होने लगी। बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत थी। इसके बाद बिना देर किए उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद परिवार में चिंता
घटना के बाद परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है। चिकित्सक बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। खुखड़ी खाने से तबीयत बिगड़ने के मामले के बाद परिवार के अन्य सदस्यों में भी आशंका बनी हुई है। हालांकि, बच्चों की वर्तमान स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।