जमशेदपुर : शहर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार देर रात चोरी का प्रयास कर रहा युवक नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों की गिरफ्त में आ गया। आरोपी की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम के रूप में हुई है।
पुलिस को शक है कि वह पिछले एक महीने में अस्पताल परिसर में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। हाल के दिनों में अस्पताल परिसर में बार-बार छोटी-मोटी चोरी की शिकायतें मिल रही थी। पुलिस बुधवार को आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके साथ मौजूद परिजनों को निशाना बनाता था। वह मौका देखकर मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी करने का प्रयास करता था। तलाशी के दौरान उसके पास से 150 रुपये नकद, एक चिलम, गांजा और ब्लेड बरामद किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि वह ब्लेड का इस्तेमाल लोगों की जेब काटने के लिए करता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर अस्पताल के दूसरे तल्ले पर एक मरीज के परिजन की जेब से 150 रुपये चोरी हो गए थे। इसके बाद रात करीब 10 बजे आरोपी पांचवें तल्ले पर फर्श पर सो रहे एक मरीज के परिजन की जेब काटने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान नाइट शिफ्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया।
आरोप है कि मंगलवार रात भी आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति की जेब पर ब्लेड चलाकर चोरी का प्रयास किया था। हालांकि, वह अपने मकसद में सफल नहीं हो सका।
संबंधित व्यक्ति ने सोने से पहले अपना मोबाइल और पर्स मरीज के बेड पर रख दिया था। इस वजह से उसका कीमती सामान चोरी होने से बच गया। बाद में उसने घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की।
अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में भी आरोपी की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस अब फुटेज की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी अस्पताल में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल था या नहीं।
पुलिस को आशंका है कि पिछले एक महीने के दौरान एमजीएम अस्पताल परिसर में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं के पीछे इसी युवक की भूमिका हो सकती है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूर्व में दर्ज चोरी की घटनाओं से जुड़े मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में है। साथ ही अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।