जमशेदपुर: मानगो के वार्ड संख्या 8 स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड में नदी किनारे सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। अंचलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने सरकारी जमीन पर बने तीन मकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और मानगो नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
जमशेदपुर के अंचलाधिकारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि भालू यादव, महेंद्र यादव और रमेश यादव के खिलाफ करीब डेढ़ वर्ष पहले जेपीएलई (Jharkhand Public Land Encroachment) का मामला दर्ज किया गया था। संबंधित पक्षों को जमीन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे वैध कागजात उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद मामले में अंतिम आदेश पारित करते हुए शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
अंचलाधिकारी ने बताया कि मानगो के वार्ड संख्या 10 में भी सरकारी जमीन पर बने 13 मकानों को ध्वस्त किया जाना है। इन मकानों के खिलाफ भी प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
एनजीटी के आदेश के बाद प्रशासन सख्त
नदी किनारे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। एनजीटी ने नदी किनारे हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। इसके बाद प्रशासन ने ऐसे मामलों में कार्रवाई तेज कर दी है।
पहले भी जारी हो चुके हैं नोटिस
इससे पहले 4 अगस्त को मानगो और 6 अगस्त को जमशेदपुर अंचल की ओर से भुइयांडीह क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने 145 मकानों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, उस समय पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अन्य स्थानों पर लगाए जाने के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी थी।