जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस का मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी है। इसमें काफी हद तक सफलता भी मिल रही है। पुलिस ने गालूडीह बराज के पास कैनाल रोड पर कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से गांजा के अलावा ग्लैमर मोटरसाइकिल और एक हेलमेट भी बरामद किया गया है।
गालूडीह थाना पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर गालूडीह होते हुए जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
गालूडीह बराज के पास पुलिस ने की घेराबंदी
गठित टीम ने गालूडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। पुलिस ने ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबुलाल यादव (50) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का खुलासा
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर संगठित तरीके से गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
इस मामले में गालूडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 को धारा 111(4) बीएनएस तथा 20(b)(ii)(B)/22/29 एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने ये सामान किया बरामद
- करीब 11 किलोग्राम अवैध गांजा
- ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या JH05BF-3463
- एक काले रंग का हेलमेट
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही गांजा की सप्लाई, खरीद और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जा सकती है।
इससे पहले भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद की है। कई लोगों की गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।