जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 44-बहरागोड़ा और 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और BLO पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण बुधवार को साकची स्थित रवींद्र भवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन शामिल हुए और अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने SIR-2026 की समय-सीमा और प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावा एवं आपत्ति दर्ज की जा सकेगी।
वहीं, 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक नोटिस चरण के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हर घर तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त राजीव रंजन ने BLO को अपने-अपने मतदान क्षेत्रों का नजरी नक्शा तैयार करने और उसके आधार पर क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि Family Grouping के माध्यम से परिवारवार विवरण को व्यवस्थित रखा जाए और प्रत्येक मकान को वास्तविक या Notional House Number दिया जाए।
उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रत्येक घर और परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा दावा-आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया में लोगों को आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया।
BLO पर्यवेक्षकों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी
उपायुक्त ने BLO पर्यवेक्षकों से कहा कि वे अपने अधीन कार्यरत BLO की गतिविधियों की नियमित निगरानी करें और जरूरत के अनुसार उनका मार्गदर्शन करें। प्रशिक्षण में SIR-2026 के तहत निर्धारित गतिविधियों, क्षेत्रीय सत्यापन, परिवारवार विवरण संधारण और दावा-आपत्ति प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन की मतदाताओं से अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है या किसी विवरण में गलती है, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराकर उसमें सुधार कराया जा सकता है।