जमशेदपुर : नशामुक्त भारत अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रहे जनजागरूकता कार्यक्रम के क्रम में मंगलवार सुबह जुबली पार्क गेट के समीप प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से निकाले गए जागरूकता वाहन का स्वागत किया गया। भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने जागरूकता वाहन का अभिवादन किया।

यह अभियान 7 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
जागरूकता वाहन के माध्यम से लोगों के बीच नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक नुकसान की जानकारी दी जा रही है।
इस मौके पर दिनेश कुमार ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के साथ-साथ युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देना और युवाओं को इससे दूर रखने का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण किसी एक व्यक्ति या संस्था के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। परिवार, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशे के खिलाफ मजबूत माहौल तैयार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के विजय गौड़, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, सूरज कुमार, शंकर समद, अनिकेत रॉय सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
दिनेश कुमार ने जिले के लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी को जरूरी बताया।
नशे को ना, जिंदगी को हां—नशामुक्त भारत हम सबका संकल्प।