जमशेदपुर : शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बदमाश कभी बंद पड़े घर और कभी विभिन्न क्षेत्रों में बंद पड़े दुकानों को निशाना बना रहे हैं। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेरटोला स्थित दुकान नंबर-2 में देर रात अज्ञात चोरों ने शराब की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान से करीब 60 हजार रुपये नकद, शराब की कई पेटियां और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि देर रात चोर दुकान में दाखिल हुए और अंदर रखी नकदी समेत शराब की पेटियां लेकर निकल गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
इससे पुलिस के लिए दुकान के अंदर हुई चोरी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच करना मुश्किल हो गया है।
सुबह दुकान पहुंचने पर हुई चोरी की जानकारी सुबह जब दुकान खोली गई तो चोरी का पता चला। दुकान में सामान बिखरा हुआ था और नकदी समेत शराब की पेटियां गायब थीं। इसके बाद तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी के तरीके और संभावित प्रवेश-निकास के रास्तों की जांच शुरू कर दी है।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
डीवीआर चोरी होने के कारण पुलिस अब आसपास लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आसपास के कैमरों से संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आने-जाने की जानकारी मिल सकती है।
घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी है, चोरों की शिनाख्त होने के बाद मामले का खुलासा होगा।