चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा पंचायत अंतर्गत मौरबेड़ा गांव निवासी 25 वर्षीय सुंदर मुर्मू की तमिलनाडु में सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुंदर मुर्मू करीब आठ महीने पहले रोजगार की तलाश में तमिलनाडु गया था। वहां वह त्रिपुर थाना क्षेत्र के कुनुतुर स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, 16 अगस्त को सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना परिवार को फोन के माध्यम से मिली।
शव घर लाने के लिए मां ने विधायक से मांगी मदद
मृतक की मां शोभा रानी मुर्मू ने चाकुलिया के विधायक समीर कुमार मोहंती को आवेदन देकर बेटे का पार्थिव शरीर गांव लाने में सहयोग की मांग की है। उन्होंने बताया कि परिवार बेहद गरीब है और तमिलनाडु से शव को घर लाने में काफी खर्च आएगा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपने स्तर से यह खर्च उठाने में असमर्थ हैं।
मां ने विधायक से पार्थिव शरीर को घर लाने में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उचित मुआवजा दिलाने के लिए भी पहल करने का अनुरोध किया है।
विधायक ने उपायुक्त से की बात
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से बातचीत की है। उन्होंने मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द गांव लाने और परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया है।
परिजनों को अब प्रशासन की मदद से सुंदर मुर्मू का शव गांव पहुंचने का इंतजार है।