पटना: झारखंड में एक पखवारे तक छात्रों के आंदोलन के बाद बिहार में भी राजभवन मार्च निकलेगा। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां राजद के बैनर तले इसका आयोजन किया जा रहा है। नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) बुधवार, 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च निकालेगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में यह मार्च गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से शुरू होकर राजभवन तक जाएगा। पार्टी ने पहले मार्च की शुरुआत राजद कार्यालय से करने की घोषणा की थी।
छात्रों और युवाओं से एकजुट होने की अपील

राजद ने पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है।
तेजस्वी यादव ने जताई पुलिस कार्रवाई की आशंका
मार्च से एक दिन पहले मंगलवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पटना में कई छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्होंने आशंका जताई कि बुधवार को मार्च में शामिल होने के लिए आने वाले युवाओं को ट्रेनों में सवार होने से भी रोका जा सकता है।
तेजस्वी ने कहा कि संभावित पुलिस कार्रवाई के बावजूद छात्रों और युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि राजभवन मार्च के दौरान पुलिस हाल के प्रदर्शनों की तरह अत्यधिक बल प्रयोग कर सकती है। उन्होंने छात्रों की सुरक्षा और सीवान की घटना की जांच की मांग भी उठाई।
दीपक प्रकाश बोले- मार्च निकालना राजद का अधिकार
तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च पर बिहार पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि मार्च निकालना राजद का अधिकार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की मांगों को लेकर संवेदनशील है और शिक्षा तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है।
भाजपा ने तेजस्वी के नेतृत्व पर उठाए सवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने राजद के राजभवन मार्च को लेकर तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राजद के कार्यकर्ताओं और नेताओं का तेजस्वी के नेतृत्व से भरोसा उठ चुका है, इसलिए लालू प्रसाद यादव को लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील करनी पड़ रही है। सरावगी ने मार्च को तेजस्वी यादव के राजनीतिक करियर को बचाने की कोशिश करार दिया।
राजभवन मार्च को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज
NEET पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे को लेकर प्रस्तावित राजभवन मार्च से बिहार की राजनीति गरमा गई है। एक तरफ राजद छात्रों और युवाओं के समर्थन में सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में है, वहीं भाजपा ने मार्च की मंशा और तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए हैं। सियासी गलियारे में इसकी चर्चा हो रही है कि सबकी नजरें आज के राजभवन मार्च पर टिकी है।