नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद के आरएसएस को लेकर दिए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरिप्रसाद को यह समझना चाहिए कि आरएसएस क्या है। उन्होंने आरएसएस की तुलना तालिबान और आतंक से किए जाने को गलत बताते हुए कहा कि संघ राष्ट्र को सर्वोपरि मानकर काम करता है और बिना स्वार्थ के समाज और देश के लिए योगदान देता है।
धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि आरएसएल देश की सनातन संस्कृति, सभ्यता और विकास के लिए काम करता है। उन्होंने बीके हरिप्रसाद से अपने बयान के लिए आरएसएस से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं को किसी भी संगठन के बारे में बोलने से पहले उसके बारे में जानकारी हासिल करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता पी चिदंबरम द्वारा खुद को ‘दिमागी नक्सल’ कहने पर धर्मशीला गुप्ता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चिदंबरम देश के पूर्व गृह मंत्री और पूर्व वित्त मंत्री रह चुके हैं और उनका इस तरह का बयान देना आश्चर्यजनक है। महबूबा मुफ्ती के बयान का भी जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेता खुद को ‘दिमागी नक्सल’ कहने पर गर्व जता रहे हैं। धर्मशीला गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की विचारधारा कहीं न कहीं पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई हुई है तथा शांति व्यवस्था मजबूत हुई है।
जेपीएससी-जेएसएससी के प्रदर्शनकारी छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की गई अपील पर धर्मशीला गुप्ता ने उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के साथ छलावा और दिखावा कर रहे हैं। झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। उन्होंने सवाल किया कि जब जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन हो रहा था, तब राहुल गांधी कैमरे के सामने आकर छात्रों का समर्थन कर रहे थे, तो अब झारखंड जाकर छात्रों के बीच क्यों नहीं खड़े होते।
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और झारखंड सरकार मिलकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों को उनका अधिकार देना होगा और उनके आंदोलन की अनदेखी नहीं की जा सकती।
–आईएएनएस
पीएसके