August 19, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

चांडिल रेलवे स्टेशन के पास कोयला लदी मालगाड़ी में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

चांडिल रेलवे स्टेशन के पास कोयला लदी मालगाड़ी में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल रेलवे स्टेशन के पास सोमवार की रात कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बोगी से लगातार धुआं निकलता देख रेल कर्मचारियों ने तत्काल मालगाड़ी को रुकवाया और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो यह मालगाड़ी की अन्य बोगियों तक फैल सकती थी और स्थिति गंभीर हो सकती थी।

चांडिल स्टेशन के पास रोकी गई मालगाड़ी

जानकारी के अनुसार, कोयला लदी मालगाड़ी चक्रधरपुर से आसनसोल डिवीजन के एसआरबीएस साइडिंग की ओर जा रही थी। चांडिल रेलवे स्टेशन के पास पहुंचने के दौरान रेल कर्मचारियों की नजर मालगाड़ी की एक बोगी से निकल रहे धुएं पर पड़ी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल मालगाड़ी को चांडिल स्टेशन के पास रुकवाया।

इसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बोगी में लगी आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। रेलवे विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

आग लगने की घटना के कारण मालगाड़ी काफी देर तक चांडिल रेलवे स्टेशन के पास खड़ी रही। रेलवे अधिकारी बोगी की स्थिति और घटना के अन्य पहलुओं की जांच में जुटे रहे। प्रारंभिक स्तर पर समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने के कारण किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading