जमशेदपुर: शहर के कई इलाकों में जलस्तर बढ़ने और घरों में पानी घुसने के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के समर्थकों और जनसुविधा प्रतिनिधियों ने मंगलवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की मदद की। कई स्थानों पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया, जबकि प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी की गई।
शास्त्री नगर में घरों से लोगों का कराया गया रेस्क्यू
जनसुविधा प्रतिनिधि (जेएनएसी) धर्मेंद्र प्रसाद मंगलवार देर रात तक शास्त्री नगर के ब्लॉक नंबर एक, दो, तीन और पांच में सक्रिय रहे। इन इलाकों में कई घरों में पानी घुसने के बाद उन्होंने प्रभावित परिवारों से संपर्क किया। कुछ लोगों को घरों से निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। इसके बाद लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
मानगो के जलमग्न इलाकों में बांटा गया भोजन
मानगो मंडल के जनसुविधा प्रतिनिधि पिंटू सिंह ने शंकोसाई, श्याम नगर, गौड़ बस्ती, शांतिनगर और साईं आश्रम का दौरा किया। इन क्षेत्रों में भी कई घरों में पानी भर गया है। उनके साथ वार्ड नंबर 10 के पार्षद जीतेंद्र साव ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में सहयोग किया।
राहत अभियान के दौरान जरूरतमंदों के बीच 100 पैकेट खिचड़ी और 350 पैकेट पूड़ी-सब्जी वितरित किए गए।
सोनारी के रुपनगर में सामुदायिक भवन तैयार
जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने देर रात सोनारी के रुपनगर क्षेत्र का जायजा लिया। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यहां घरों में पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए उन्होंने रुपनगर के दो सामुदायिक भवनों में प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था कराई।
मुकुल मिश्रा ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि पानी घरों में प्रवेश करता है तो वे बिना देर किए सामुदायिक भवनों में चले जाएं, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है।
विधायक सरयू राय के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
जनसुविधा प्रतिनिधि (मानगो नगर निगम) पप्पू सिंह ने विधायक सरयू राय के साथ कुंअर बस्ती, शंकोसाई नंबर एक और रामनगर समेत अन्य इलाकों का दौरा किया। इस दौरान बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के साथ प्रभावित लोगों की मदद के लिए जरूरी कदम उठाए गए।
कदमा में लोगों को सामुदायिक भवनों में पहुंचाया गया
कदमा के रामनगर, हाड़गोदाम, रामजन्म नगर और शास्त्री नगर के ब्लॉक नंबर एक से चार तक के इलाकों से मंगलवार दोपहर से देर रात तक हजारों लोगों को विभिन्न सामुदायिक भवनों में पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के लिए दोपहर और रात के भोजन की भी व्यवस्था की गई।
खबर लिखे जाने तक कई इलाकों में रेस्क्यू अभियान जारी था। राहत और बचाव कार्य में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जनसुविधा प्रतिनिधि (हेल्थ) नीरज सिंह, मनोज सिंह, तारक मुखर्जी, रवि शंकर सिंह, विवेक कुमार और लालू रजक समेत अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।