पाकुड़: नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पाकुड़ पुलिस का Operation JIVAN लगातार जारी है। अभियान के तहत पाकुड़िया और महेशपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष छापेमारी कर दो अलग-अलग मामलों में कुल 2.865 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध में पुलिस ने पारू अंसारी के घर और उसकी मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी ली। इस दौरान 2.165 किलो गांजा, 70 मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल, तराजू-बटखारा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
वहीं, महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी में पुलिस ने पिंटु शेख के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके घर से 700 ग्राम गांजा और मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसपी अनुदीप सिंह के नेतृत्व में Operation JIVAN के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक कई मामलों में कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।