गम्हरिया : झारखंड दौरे के क्रम में सरायकेला-खरसावां पहुंचे भारतीय गैर सरकारी शिक्षक संघ (इप्टा) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. लोकेश कुमार झा का गम्हरिया में भव्य स्वागत किया गया। गम्हरिया स्थित होटल एवेन्यू में संस्था के सदस्यों ने समारोह आयोजित कर उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया।
इस अवसर पर इप्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. परमानंद मोदी की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. लोकेश कुमार झा ने कहा कि देश और समाज के निर्माण में निजी शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में निजी शिक्षक आज भी अपने मूलभूत अधिकारों से वंचित हैं।
उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रखंड और जिला स्तर पर व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का आह्वान किया। डॉ. झा ने कहा कि जब तक सभी निजी शिक्षक एकजुट होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
बैठक में निजी शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान डॉ. चेतलाल प्रसाद को इप्टा का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं अखिलेश कुमार को राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में रंजीत श्रीवास्तव, आरबी निराला, कन्हैया कुमार झा, संजीव कुमार श्रीवास्तव, अखिलेश कुमार, अशोक कुमार प्रसाद, संजीव कुमार सिंह समेत संगठन के कई सदस्य मौजूद थे।