August 14, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

धनबाद कोयला घोटाला: एलबी सिंह की पत्नी समेत 5 लोगों को ED का समन, 20 अगस्त को आरती सिंह से पूछताछ

धनबाद कोयला घोटाला: एलबी सिंह की पत्नी समेत 5 लोगों को ED का समन, 20 अगस्त को आरती सिंह से पूछताछ

रांची: धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से जुड़े कथित कोयला घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह समेत पांच लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इनमें एलबी सिंह के तीन रिश्तेदार और कोयला कारोबारी अनिल गोयल से जुड़े दो लोग शामिल हैं।

अलग-अलग तारीखों पर ED कार्यालय में होगी पूछताछ

ED ने आरती सिंह को 20 अगस्त को अपने क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। वहीं विश्वविजय सिंह को 14 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 17 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अनिल गोयल से जुड़े शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह को भी अगले सप्ताह एजेंसी के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया है।

28 जुलाई की छापेमारी के बाद जांच में तेजी

समन जारी करने की यह कार्रवाई ED की 28 जुलाई को धनबाद और आसपास के इलाकों में हुई व्यापक छापेमारी के बाद सामने आई है। उस दौरान एजेंसी ने एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनसे जुड़े लोगों के परिसरों सहित कुल 31 ठिकानों पर तलाशी ली थी।

तलाशी के दौरान ED ने एलबी सिंह से जुड़े करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया था। इसके अलावा करीब 1.02 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी, डिजिटल उपकरण और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए थे।

200 से अधिक संपत्तियों के दस्तावेज मिले

जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान 200 से अधिक चल-अचल संपत्तियों से संबंधित सेल डीड और अन्य दस्तावेज भी मिले थे। ED इन दस्तावेजों और जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

एजेंसी को संदेह है कि कथित अवैध कोयला कारोबार से अर्जित रकम का इस्तेमाल चल-अचल संपत्तियां खरीदने और विभिन्न निवेशों में किया गया। जांच में कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन को अलग-अलग वित्तीय लेन-देन और संस्थाओं के माध्यम से वैध रूप देने के प्रयास की भी पड़ताल की जा रही है।

अवैध कोयला खनन और लेवी वसूली के आरोप

ED की जांच झारखंड पुलिस द्वारा दर्ज कई प्राथमिकी और दाखिल आरोपपत्रों के आधार पर आगे बढ़ रही है। इन मामलों में धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी तथा कोयला लोडिंग के नाम पर रंगदारी और अवैध लेवी वसूली जैसे आरोप शामिल हैं।

नवंबर 2025 में भी हुई थी छापेमारी

इस मामले में ED इससे पहले नवंबर 2025 में भी संबंधित लोगों के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। 28 जुलाई की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकदी, निवेश और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद अब परिवार और कारोबारी नेटवर्क से जुड़े लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसे जांच के अगले महत्वपूर्ण चरण के रूप में देखा जा रहा है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading