August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

झारखंड छात्र आंदोलन का 20वां दिन : 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी, सुरक्षा बढ़ाई गई

झारखंड छात्र आंदोलन का 20वां दिन : 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी, सुरक्षा बढ़ाई गई

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार 20वें दिन भी जारी है। आंदोलन के अगले चरण को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खुफिया सूचनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात

आंदोलनकारी छात्रों के 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की तैयारी की सूचना है। हालांकि छात्रों की ओर से इस संबंध में अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन प्रशासन ने एहतियातन कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा के लिए 100 से अधिक अतिरिक्त सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है। इनमें झारखंड जगुआर और झारखंड आर्म्ड पुलिस के जवान शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सूचना भवन चौक से राम मंदिर चौक तक बैरिकेडिंग की गई है।

मुख्यमंत्री आवास के करीब 500 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। सूचना भवन से एटीआई की ओर जाने वाली सड़क को भी बंद कर दिया गया है। पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों और अन्य मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए की जा रही है।

कांके रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट

सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने का असर कांके रोड के यातायात पर भी पड़ा है। मोरहाबादी और कचहरी चौक की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य भीड़ और जाम की स्थिति रोकने के साथ-साथ मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

20 दिनों से जारी है छात्रों का आंदोलन

JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्र पिछले करीब 20 दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से छात्रों के साथ कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है।

छात्र परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

छात्रों का दावा है कि सरकार ने उनकी करीब 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति जताई है, लेकिन JPSC सिविल सेवा परीक्षा और JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी व पेपर लीक की CBI जांच की मांग अब तक पूरी नहीं हुई है।

10 अगस्त को विधानसभा का किया था घेराव

इससे पहले 10 अगस्त को आंदोलनकारी छात्रों ने झारखंड विधानसभा का घेराव किया था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।

घटना के बाद छात्र संगठनों ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कांग्रेस और भाजपा भी छात्रों के समर्थन में

छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। कांग्रेस और भाजपा समेत कई राजनीतिक दल सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर दबाव बना रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इससे पहले मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।

अब 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव की चर्चा के बीच प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। आने वाले दिनों में छात्रों और सरकार के बीच बातचीत से आंदोलन का रुख तय होने की उम्मीद है।

इनपुट : आईएएनएस

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading