August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

हैदराबाद में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया बोनालु त्योहार, मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़

हैदराबाद में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया बोनालु त्योहार, मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़

हैदराबाद, 9 अगस्त (आईएएनएस)। हैदराबाद में रविवार को सालाना ‘बोनालु’ त्योहार पूरे पारंपरिक उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर भर के महाकाली मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।

बोनालु उत्सव तेलंगाना का एक प्रमुख और राजकीय त्योहार है, जो हर साल आषाढ़ मास (जुलाई-अगस्त) में देवी महाकाली और उनके विभिन्न स्वरूपों को समर्पित होता है। इस दौरान महिलाएं सिर पर चावल, गुड़ और दूध से भरे सजे हुए ‘बोनम’ पात्र रखकर मंदिरों में प्रसाद चढ़ाती हैं तथा अच्छी सेहत और समृद्धि की कामना करती हैं।

ओल्ड सिटी के लाल दरवाजा स्थित सिंहवाहिनी महाकाली मंदिर में 118वें वार्षिक बोनालु उत्सव के मौके पर विशेष पूजा की गई।

मंत्री, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी दर्शन के लिए पहुंचे। नेताओं ने लाल दरवाजा महाकाली मंदिर, शाह अली बंदा के ऐतिहासिक अक्कन्ना मादन्ना मंदिर और शहर के अन्य हिस्सों में देवी के मंदिरों में पूजा की।

बोनालु शक्ति की देवी महाकाली या काली को समर्पित त्योहार है। मान्यता है कि इससे बुराई का अंत होता है और शांति का आगमन होता है।

लाल दरवाजा मंदिर में टॉलीवुड अभिनेता विजय देवरकोंडा, आनंद देवरकोंडा और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा भी दर्शन करने पहुंचे।

मीडिया से बात करते हुए विजय देवरकोंडा ने बोनालु की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने संदीप रेड्डी के प्रोडक्शन हाउस ‘भद्रकाली’ के नाम से पूजा की।

राज्य के मंत्री कोंडा सुरेखा और मंत्री पोन्नम प्रभाकर, टीपीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और सांसद अनिल कुमार यादव ने लाल दरवाजा मंदिर में पूजा की। मंत्रियों ने राज्य सरकार की ओर से देवी को रेशमी साड़ी भेंट की। इस दौरान दान विभाग आयुक्त हनुमंथा राव, पुलिस कमिश्नर सज्जनार, हैदराबाद कलेक्टर प्रियंका आला और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

उद्योग और आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने ओल्ड सिटी के अक्कन्ना मादन्ना महाकाली मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने भी राज्य सरकार की ओर से देवी को रेशमी साड़ी अर्पित की।

पंचायत राज मंत्री सीतक्का और सरकार के सलाहकार वी. हनुमंथा राव ने अंबरपेट के महाकाली मंदिर में पूजा की और राज्य सरकार की ओर से साड़ी चढ़ाई। सीतक्का ने कहा कि उन्होंने लोगों के लिए अच्छी बारिश और समृद्धि की प्रार्थना की।

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और उनकी पत्नी ने भी अंबरपेट मंदिर में पूजा कर लोगों की खुशहाली की कामना की। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने मदन्नापेट के नल्लापोचम्मा मंदिर में पूजा की।

राज्य स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राज नरसिम्हा ने करवान क्षेत्र के दरबार मैसम्मा मंदिर में दर्शन किए।

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव चारमीनार के भाग्यलक्ष्मी मंदिर और लाल दरवाजा मंदिर गए। वहीं राज्य के भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मलकाजगिरी के श्री उज्जैनी महाकाली अम्मावारी मंदिर में विशेष पूजा की।

बड़ी संख्या में महिलाओं सहित भक्त लाइन में लगकर बोनम अर्पित करते दिखे। बोनम में पका हुआ चावल, गुड़, दही और हल्दी वाला पानी होता है, जिसे स्टील और मिट्टी के बर्तन में सिर पर रखकर मंदिर ले जाया जाता है।

तेलंगाना राज्य बनने के बाद 2014 में इसे राज्य त्योहार घोषित किया गया था। इसके बाद से बोनालु बड़े पैमाने पर धूमधाम से मनाया जा रहा है।

भक्तों की सुविधा के लिए सरकार के विभिन्न विभागों ने पीने का पानी, साफ-सफाई, सड़क और बिजली की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए है।

दो दिवसीय उत्सव का समापन सोमवार को अक्कन्ना मादन्ना मंदिर में होगा। त्योहार को देखते हुए हैदराबाद, साइबराबाद और रचकोंडा कमिश्नरेट में शराब की दुकानें, बार, रेस्तरां और ताड़ी की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading