गुवा । बुधवार आधी रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण गुवा और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। तेज बारिश के चलते गुवा से बड़ाजामदा जाने वाले मार्ग पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। इसके कारण इस मार्ग पर वाहनों और लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
गुवा से बड़ाजामदा जाने के लिए दो प्रमुख रास्ते हैं। इनमें एक मार्ग हाथी चौक होकर जाता है, जबकि दूसरा पंचमुखी हनुमान मंदिर से होते हुए बोकना पुल के रास्ते बड़ाजामदा पहुंचता है।
बोकना पुल वाला मार्ग अपेक्षाकृत छोटा है और इससे बड़ाजामदा की दूरी करीब तीन किलोमीटर कम हो जाती है। वहीं, हाथी चौक होकर जाने पर लोगों को लगभग तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
बोकना पुल के ऊपर पानी का बहाव बढ़ने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण पुल से होकर गुजरना जोखिम भरा हो गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
कारो नदी का जलस्तर भी बढ़ा
लगातार बारिश के कारण कारो नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। नदी उफान पर होने के कारण आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों को कारो नदी के पास जाने, वहां मछली पकड़ने या नहाने से पूरी तरह बचने की चेतावनी दी है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, पुल और जलभराव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें। किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।