चक्रधरपुर: लगातार हो रही भारी बारिश के कारण चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में रेलवे परिचालन प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक पानी में डूब जाने के बाद एहतियात के तौर पर ट्रेनों की रफ्तार और परिचालन को नियंत्रित किया गया है। इससे हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों के प्रभावित होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, राउरकेला और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार रात करीब दो बजे से लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण बंडामुंडा ए केबिन से फटापाईप तक रेलवे ट्रैक पर पानी जमा हो गया है। इसके अलावा बासंती कॉलोनी के समीप भी रेलवे लाइन पानी में डूबी हुई है।

ट्रैक की मिट्टी बहने से धंसने का खतरा
बारिश के कारण बासंती कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक के किनारे की मिट्टी पानी के तेज बहाव में बह गई है। इससे ट्रैक के धंसने की आशंका भी बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों के परिचालन को नियंत्रित किया है।
रेलवे अधिकारी और कर्मचारी प्रभावित रेलखंडों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जलस्तर और ट्रैक की स्थिति की निगरानी के बाद ही ट्रेनों की सामान्य आवाजाही को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी
राउरकेला क्षेत्र में जलजमाव का सीधा असर हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर पड़ा है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में यात्री और लंबी दूरी की ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसे में ट्रेनों की गति नियंत्रित किए जाने और परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे की ओर से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित हिस्सों में सावधानी बरती जा रही है, ताकि जलजमाव और ट्रैक को हुए संभावित नुकसान के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।