August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

चाईबासा में जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी फाइनेंस कंपनी IDFC कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, होटल के CCTV में महिला के साथ दिखे

चाईबासा में जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी फाइनेंस कंपनी IDFC कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, होटल के CCTV में महिला के साथ दिखे
  • संजीव शर्मा कार्यरत थे जमशेदपुर में IDFC फाइनेंस कंपनी में
  • कंपनी के काम से चाईबासा आए थे, महिला को तलाश रही पुलिस

चाईबासा : जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी और फाइनेंस कंपनी IDFC के कर्मचारी 48 वर्षीय संजीव कुमार शर्मा की चाईबासा में अचानक मौत हो गई।

बुधवार दोपहर मधु बाजार इलाके में अचानक गिरने के बाद उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार शर्मा मंगलवार को कंपनी के काम से चाईबासा पहुंचे थे। वह मधु बाजार स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह वह होटल से किसी काम के सिलसिले में बाहर निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे मधु बाजार में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह सड़क पर गिर पड़े।

मोबाइल से हुई मृतक की पहचान

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। उस समय उनकी पहचान नहीं हो सकी थी और उन्हें अज्ञात व्यक्ति के रूप में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनके मोबाइल फोन से एक व्यक्ति को संपर्क किया गया, जिसके जरिए उनकी पहचान और पते की जानकारी सामने आई।

घटना की सूचना मिलने के बाद देर शाम तक संजीव के परिजन चाईबासा सदर अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार को सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

होटल के CCTV में महिला के साथ दिखे संजीव

परिजनों के अनुसार, संजीव जमशेदपुर में IDFC फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के काम से चाईबासा आए थे। इस बीच होटल के CCTV फुटेज में उनके साथ एक महिला के मौजूद होने की बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि महिला कौन थी और कहां की रहने वाली थी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

बताया गया कि होटल के रजिस्टर में भी उक्त महिला का नाम दर्ज नहीं है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए छानबीन शुरू कर दी है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading