August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

भाजपा सांसदों का विपक्ष पर तंज, कहा-विपक्ष चर्चा से भागा, सरकार जवाब देने के लिए थी तैयार

भाजपा सांसदों का विपक्ष पर तंज, कहा-विपक्ष चर्चा से भागा, सरकार जवाब देने के लिए थी तैयार

नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। संसद के मानसून सत्र में हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। भाजपा सांसदों ने सदन की कार्यवाही बाधित होने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ हवन को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

हल्द्वानी में शुद्धिकरण मामले पर भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिन लोगों ने शुद्धिकरण की रस्म निभाई है, वही इसके पीछे की वजह बता सकते हैं। इस मामले की जानकारी नहीं है। एससी और ओबीसी वर्ग के बिना कोई सरकार नहीं बन सकती।

वहीं, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने हल्द्वानी में हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों के साथ भेदभाव और शोषण अभी भी जारी है। उन्होंने ऐसी प्रथाओं को गलत बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी इसका विरोध करती है।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मानसून सत्र के कामकाज में व्यवधान के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देश की जनता के सामने यह स्पष्ट हो चुका है कि सरकार किसी भी विषय पर चर्चा करने और जवाब देने के लिए तैयार है। मजूमदार ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा ने लोकसभा तथा राज्यसभा में विपक्ष को चर्चा का भरोसा दिया है, इसके बावजूद विपक्ष सदन चलने नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को डर है कि वह उठाए गए सभी सवालों का जवाब नहीं दे पाएगा।

भाजपा नेता मनन मिश्रा ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार और अन्य आरोपों में घिरी रही है। उन्होंने झारखंड में छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों की जायज मांगों पर चर्चा करने के बजाय उससे बचने की कोशिश कर रही है।

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार सरकार से अपनी बात सुनने की मांग कर रहे थे, लेकिन जब गृह मंत्री अमित शाह ने 24 घंटे बातचीत के लिए तैयार होने की बात कही तो राहुल गांधी पीछे हट गए। उन्होंने राहुल गांधी पर केवल राजनीति करने का आरोप लगाया और झारखंड के रांची में छात्रों के मुद्दे को लेकर भी सवाल उठाए।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने विपक्ष की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष की मांग पूरी होने के बाद वह अपना मुद्दा बदल देता है। उन्होंने कहा कि संसद इस तरह नहीं चल सकती। जायसवाल ने स्पीकर से सत्र के दौरान हुई घटनाओं पर ध्यान देने की मांग की और कहा कि यदि विपक्ष अगले सत्र में भी केवल हंगामा करने आता है तो कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि संसद सुचारू रूप से चल सके।

उधर, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने संबंधी सपा विधायक शिवपाल सिंह के बयान पर भाजपा सांसद मदन राठौर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सपना देखने में कोई बुराई नहीं है और कोई भी सपना देख सकता है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान तुष्टिकरण की राजनीति के तहत दिए जाते हैं और किसी खास वर्ग को प्रभावित करने तथा उसका समर्थन हासिल करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने इसे राजनीति का सही स्तर नहीं बताया।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading