पटमदा: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को पटमदा में आदिवासी भूमिज समाज की ओर से बाइक रैली निकाली गई। रैली में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह के साथ निकली रैली के दौरान आदिवासी एकता और समाज के हितों से जुड़े मुद्दों पर जोर दिया गया।
रैली की शुरुआत लावा स्थित निताई सिंह भवन से हुई। दर्जनों बाइक के साथ निकली रैली पटमदा बाजार पहुंची। यहां समाज के लोगों ने सिद्धू-कान्हू, भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी और गंगा नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक ग्राम प्रधान शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इसमें विभिन्न गांवों से कूड़ाम, लाया, गड़ात सहित समाज के बुद्धिजीवी और अन्य लोग शामिल हुए। रैली से पहले निताई सिंह भवन में बैठक आयोजित कर आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक और सामुदायिक विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में समाज की एकजुटता, अधिकारों और सामाजिक हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद बाइक रैली के माध्यम से लोगों ने अपनी एकजुटता का संदेश दिया। रैली पटमदा बाजार का भ्रमण करने के बाद वापस निताई सिंह भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
कार्यक्रम में अमर सिंह सरदार, भक्तरंजन भूमिज, कालीराम सिंह, दिलीप सिंह, चंदन सिंह, रमानाथ सिंह, संतोष सिंह, संजय सिंह, महेंद्र लाया, दुर्योधन सिंह, दशरथ सिंह, प्रधान सिंह, शिवराम सिंह, कालू सिंह, मदन सिंह, भूपेंद्र सिंह और चैतन सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।