तीन घंटे ठप रही जलापूर्ति, आश्वासन के बाद शुरू हुई शुरू हुई आपूर्ति, अल्टीमेट
चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत के ठेकेदार के अधीन कार्यरत पंप ऑपरेटरों और फिटरों ने दो माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में शनिवार सुबह जलापूर्ति बंद कर दी। सुबह करीब छह बजे अचानक जलापूर्ति ठप होने से नगर क्षेत्र में पेयजल को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई।
वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज सभी पंप ऑपरेटर और फिटर काम छोड़कर शिल्पी महल के समीप स्थित पंप हाउस में जमा हो गए। इसके बाद वे सामूहिक रूप से नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी जताई।
नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सोमवारी सोरेन और नगर प्रबंधक अनंत खलको के साथ ऑपरेटरों और फिटरों की वार्ता हुई। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।
भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद पंप ऑपरेटर और फिटर काम पर लौट गए। करीब तीन घंटे तक जलापूर्ति बाधित रहने के बाद सुबह नौ बजे दोबारा जलापूर्ति शुरू कर दी गई। इसके बाद लोगों को राहत मिली।
हालांकि, कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर उनके बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो वे दोबारा काम बंद कर देंगे। ऐसी स्थिति में चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र की जलापूर्ति फिर से प्रभावित हो सकती है।