August 5, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Jamshedpur: विश्व आदिवासी दिवस समारोह की तैयारियां तेज, उपायुक्त राजीव रंजन ने विभागों को दिए समन्वय से कार्य करने के निर्देश

Jamshedpur: विश्व आदिवासी दिवस समारोह की तैयारियां तेज, उपायुक्त राजीव रंजन ने विभागों को दिए समन्वय से कार्य करने के निर्देश

जमशेदपुर : आगामी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और विभागवार जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि समारोह का आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

समीक्षा बैठक के दौरान लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों के वितरण की तैयारी, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची का सत्यापन, आमंत्रित अतिथियों और लाभुकों के बैठने एवं स्वागत की व्यवस्था, मंच संचालन, विभागीय स्टॉल एवं विकास प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, झारखंडी लोक नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुति, प्रतिभा सम्मान, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभागीय स्टॉल और प्रदर्शनी को आकर्षक ढंग से तैयार किया जाए, ताकि आगंतुकों को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी तरीके से मिल सके।

साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी उच्च स्तर की हो तथा समारोह में आने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और लाभुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभागवार दायित्वों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए तय समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, निदेशक एनईपी, उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, आयोजन समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading