जमशेदपुर: झारखंड में आयोजित 14वीं जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली, अनियमितताओं तथा सरकार पर वादाखिलाफी के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पार्टी ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के साथ न्याय की मांग उठाते हुए मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला।
भाजपा महानगर इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बड़ा गोलचक्कर तक मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि लाखों युवाओं का भविष्य भर्ती परीक्षाओं से जुड़ा है, इसलिए इन परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के साथ न्याय और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर भाजपा यह आंदोलन कर रही है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज्य सरकार के कार्यकाल में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे युवाओं का विश्वास भर्ती प्रक्रिया से उठता जा रहा है। पार्टी ने सभी कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य की भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में आंदोलन से जुड़ने और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में भागीदारी निभाने की अपील भी की।