कांवरियों की सुविधा के लिए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, हर सोमवारी होगा भक्ति जागरण और झांकी
मुख्य बिंदु
• विधायक संजीव सरदार ने हरिणा मुक्तेश्वर धाम में तैयारियों का किया निरीक्षण
• श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, सफाई, सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
• श्रावण की प्रत्येक सोमवारी को भक्ति जागरण और आकर्षक झांकी का होगा आयोजन
जमशेदपुर : पोटका प्रखंड स्थित प्रसिद्ध शिवधाम हरिणा मुक्तेश्वर धाम में श्रावण मास की सोमवारी पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पूजा-अर्चना की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय व्यवस्था से जुड़े लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि श्रावण मास में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
प्रत्येक सोमवारी को होगा भक्ति जागरण
पोटका विधायक संजीव सरदार के सौजन्य से इस वर्ष भी श्रावण मास की प्रत्येक सोमवारी को हरिणा मुक्तेश्वर धाम में भक्ति संगीत जागरण एवं आकर्षक झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में झामुमो हरिणा एवं जानमडीह पंचायत समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। आयोजन को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और शिवभक्तों में उत्साह का माहौल है।
निरीक्षण के दौरान बज्रांकन दंडपात, दीपंकर सीट, भरत सरदार, रूपक बेहरा, सरोज सीट, खिरोद सीट, अमल सीट, गुनाधर कर्मकार, सूरज नायक, जनमेजय नायक, किशोर सीट, अनिरुद्ध नायक, दीपक सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

