July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

जहानाबाद में पुलिस मुठभेड़: हत्या आरोपी रावण के पैर में लगी गोली, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

जहानाबाद में पुलिस मुठभेड़: हत्या आरोपी रावण के पैर में लगी गोली, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

जहानाबाद : बिहार के जहानाबाद में 21 मई की देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें हत्या के आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ रावण के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस उसे इलाज के लिए पहले घोसी पीएचसी और फिर जहानाबाद सदर अस्पताल ले गई, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद सदर अस्पताल को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले भेलावर थाना क्षेत्र में दीपक कुमार नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में गिरफ्तार आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ रावण को पुलिस हथियार बरामदगी के लिए घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के समीप नहर किनारे लेकर गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जा रहा था।

इसी दौरान आरोपी रावण ने छिपाकर रखे गए हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी द्वारा चलाई गई गोली घोसी थाना की पुलिस गाड़ी में लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें रावण के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल अवस्था में पुलिस उसे तत्काल घोसी पीएचसी ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जहानाबाद के एएसपी मनोज कुमार पांडे ने बताया कि दीपक कुमार हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी रावण की निशानदेही पर हथियार बरामद किया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

घटना के बाद जहानाबाद सदर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अस्पताल परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से पूछताछ के बाद ही अस्पताल में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading