August 28, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
खेल

टाटा स्टील का समर कैंप 11 से 31 मई तक, JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा आयोजन

टाटा स्टील का समर कैंप 11 से 31 मई तक, JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा आयोजन

tata-steel-summer-camp-2026-jamshedpur

  • 3500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद
  • 19 खेलों में प्रशिक्षण, बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए खास कार्यक्रम
  • दिव्यांग बच्चों और मस्ती की पाठशाला के छात्रों की भी भागीदारी

JAMSHEDPUR: टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिवीजन ने बहुप्रतीक्षित समर कैंप 2026 की घोषणा की है। यह कैंप 11 मई से 31 मई तक JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। कंपनी अपनी खेल संस्कृति और सामुदायिक जुड़ाव की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को सीखने, निखरने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेगी।

टाटा स्टील अपने संस्थापकों की सोच के अनुरूप हमेशा से खेलों को बढ़ावा देता रहा है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीमवर्क और उत्कृष्टता को बढ़ावा देना कंपनी की पहचान रही है। यही उद्देश्य इस समर कैंप के जरिए भी दिखता है, जहां बच्चों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पिछले साल जमशेदपुर में आयोजित कैंप में 2,995 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस साल यह संख्या बढ़कर 3,500 से अधिक होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार 40 दिव्यांग बच्चों और करीब 60 ‘मस्ती की पाठशाला’ के बच्चों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे समावेशिता को बढ़ावा मिलेगा।

कैंप में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, स्विमिंग, योग, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, घुड़सवारी, रोलर स्केटिंग और बास्केटबॉल सहित कुल 19 खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा टाटा स्टील के अन्य स्थानों—TSK, TSM, RM, TGS और TSG में भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इस बार 4 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए रोल बॉल स्केटिंग कार्यक्रम जारी रहेगा, जबकि सभी आयु वर्ग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल पिकल बॉल की शुरुआत की जाएगी। वयस्कों के लिए सेल्फ-डिफेंस, वजन घटाने और फिटनेस से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

कैंप को परिवार केंद्रित बनाने के लिए अभिभावकों के लिए भी मनोरंजक गतिविधियां रखी गई हैं। सभी कोच और प्रशिक्षकों को POSH और नैतिक दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि प्रतिभागियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित किया जा सके।

कैंप में एक इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा खेल पोषण और हाइड्रेशन पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था ‘लीडिंग यूथ (TLY)’ द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लिए कौशल विकास कार्यशालाएं आयोजित होंगी।

6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित सीख, रचनात्मकता और टीमवर्क पर ध्यान दिया जाएगा, जबकि 13 से 19 वर्ष के किशोरों के लिए लीडरशिप, दबाव में प्रदर्शन, संवाद कौशल और मजबूत व्यक्तित्व निर्माण पर सत्र होंगे।

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदररामम ने कहा कि खेल चरित्र निर्माण, अनुशासन और टीमवर्क को विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। समर कैंप जैसे प्रयासों के जरिए युवाओं को प्रेरित कर उनकी क्षमता को निखारने का लक्ष्य है।

उन्होंने जमशेदपुर के लोगों के सहयोग और उत्साह के लिए आभार जताते हुए कहा कि स्टील सिटी में खेलों के प्रति जुनून हमें हर साल बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। इस बार का कैंप और भी ज्यादा रोचक और प्रभावशाली बनाने की दिशा में हम काम कर रहे हैं।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading