August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

चतरा-हजारीबाग सीमा पर 15 लाख का इनामी नक्सली समेत 4 ढेर

चतरा-हजारीबाग सीमा पर 15 लाख का इनामी नक्सली समेत 4 ढेर

हजारीबाग/चतरा : झारखंड के चतरा-हजारीबाग सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बटुका जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी सब-जोनल कमांडर शाहदेव उर्फ सहदेव महतो समेत चार नक्सली मारे गए हैं।

नक्सल विरोधी अभियान के तहत मिली खुफिया सूचना के आधार पर चतरा और हजारीबाग पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पिपरवार और केरेडारी थाना क्षेत्र से सटे बटुका जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

घेराबंदी के दौरान खुद को फंसा देख नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कई घंटों तक चली इस मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि अन्य के घायल होकर भागने की आशंका जताई जा रही है।

हथियार और नक्सली सामग्री बरामद
मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। बरामद सामग्री में दो AK-47 राइफल, एक विदेशी राइफल, कई देसी हथियार, बड़ी संख्या में कारतूस और नक्सली साहित्य शामिल हैं।

महिला नक्सली भी शामिल
मारे गए नक्सलियों में एक महिला सदस्य नताशा का नाम भी सामने आया है, जो हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ से झारखंड आकर संगठन को मजबूत करने में सक्रिय बताई जा रही थी।

इस कार्रवाई को झारखंड में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading