August 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति 1100 जरूरतमंद छठ व्रतधारियों को उपलब्ध कराएगी नि:शुल्क पूजन सामग्री

जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति 1100 जरूरतमंद छठ व्रतधारियों को उपलब्ध कराएगी नि:शुल्क पूजन सामग्री

छठ की तैयारियों जोरों पर, 27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे खुलेगा प्रवेश द्वार

पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर श्रद्धालु हो सकेंगे शामिल

● लोकगायिका डिम्पल भूमि व मानवी सिंह छठ महोत्सव में देंगी मनमोहक प्रस्तुति

जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में छठ महोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में है। गुरुवार को सूर्य मंदिर समिति की महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता भालूबासा स्थित एक होटल में सम्पन्न हुई। प्रेस वार्ता में मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह एवं मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा मौजूद रहे। प्रेस-वार्ता के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि छठ महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य छठ महोत्सव के सफल आयोजन में समिति के सदस्यगण पूरे तन्मयता से जुटे हैं। सूर्य मंदिर तालाब समेत पूरे मंदिर परिसर में पेंटिंग एवं सफाई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है।

तालाब की पूरी सफाई के बाद तालाब की सतह की पेंटिंग की जा रही है। पेंटिंग का कार्य संपन्न होने के बाद इसमें स्वच्छ निर्मल जल भरा जायेगा। तालाब के जल की पारदर्शिता और स्वच्छ्ता बेहद आकर्षक होगी। इसके साथ ही, छठ महोत्सव के निमित्त मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है। साथ ही सूर्य मंदिर को विशेष तौर पर रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जायेगा। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर आने-जाने वाली सड़कों की सफाई का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि सूर्य मंदिर के स्वयंसेवक छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा में लगातार सक्रिय रहेंगे। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी बिना किसी लाभ हानि के पूजन सामग्रियों की बिक्री नहीं करने का निर्णय लिया है।

वहीं, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि छठ व्रतधारियों के लिए दोपहर 2 बजे सभी प्रवेश द्वार को खोल दिया जाएगा। पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाएगा।

● मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने संगीतप्रेमी शहरवासियों से संध्या 7 बजे से सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और छठ गीतों के साथ लोकगीत व भजन संगीत के आनंद लेने की अपील की। लोक आस्था के महापर्व छठ के प्रथम अर्घ्य 27 अक्टूबर को संध्याकाल में लोक गायिका डिंपल भूमि, मानवी सिंह एवं स्थानीय कलाकार सूर्य मंदिर के शंख मैदान में भक्ति संगीत की धारा बहाएंगी।

1100 लोगों को निःशुल्क पूजन सामग्री भेंट करेगी सूर्य मंदिर समिति :

भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से 26 अक्टूबर को आर्थिक रुप से कमजोर व्रतधारियों के बीच निःशुल्क पूजन सामग्रियों का वितरण किया जायेगा। इसके लिए, पुर्वी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गयी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर व्रतधारियों का पता लगा कर उनकी सूची मंदिर समिति को सौपेंगे। मंदिर समिति की ओर से सूर्य धाम परिसर में ऐसे जरूरतमंद ग्यारह सौ लोगों के परिजनों के बीच 26 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से पूजन सामग्रियों का वितरण किया जाएगा।

समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह तथा वरीय सदस्यों ने बुधवार को तैयारियों की समीक्षा की। समिति ने बताया कि इस वर्ष दोनों छठ घाटों पर स्वच्छ और निर्मल जल की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को छठ महापर्व का दिव्य अनुभव प्राप्त हो सके।

सूर्य मंदिर समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे श्रद्धा, स्वच्छता और सामूहिक सौहार्द के साथ छठ महापर्व मनाएं।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading