जमशेदपुर: नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित ‘नवल टाटा’ हॉकी झारखंड सब-जूनियर एवं जूनियर स्टेट चैंपियनशिप-2026 की मेजबानी करने जा रही है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 10 से 14 अगस्त तक जमशेदपुर में आयोजित होगी, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से 140 से अधिक उभरते हुए हॉकी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पांच दिवसीय इस चैंपियनशिप में राज्य की शीर्ष युवा टीमें हिस्सा लेंगी। पिछले दो वर्षों से सब-जूनियर और जूनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने वाली मेजबान एनटीएचए इस बार भी अपने घरेलू मैदान पर खिताब बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।
प्रतियोगिता का आयोजन दो चरणों में किया गया है। 10 अगस्त से सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे, जिनका समापन 12 अगस्त को तीसरे स्थान के मुकाबले और फाइनल के साथ होगा। इसके बाद 12 अगस्त की शाम से जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसका फाइनल 14 अगस्त को खेला जाएगा।
दोनों आयु वर्गों की टीमों को दो-दो पूलों में विभाजित किया गया है। सब-जूनियर वर्ग के पूल-ए में एनटीएचए, सिमडेगा, गुमला और रामगढ़ की टीमें शामिल हैं, जबकि पूल-बी में खूंटी, हजारीबाग, रांची और पश्चिमी सिंहभूम की टीमें मुकाबला करेंगी।
वहीं जूनियर वर्ग के पूल-ए में एनटीएचए, खूंटी, गुमला और जामताड़ा को स्थान मिला है। पूल-बी में सिमडेगा, रांची, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम की टीमें आमने-सामने होंगी।
एनटीएचए प्रबंधन ने कहा कि लगातार पांचवीं बार इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी करना अकादमी के लिए गर्व की बात है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच मिलेगा, जिससे भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की पहचान और विकास में मदद मिलेगी।
हॉकी ऐस फाउंडेशन की अहम भूमिका
हॉकी ऐस फाउंडेशन (एचएएफ) टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल है। इसके तहत जमशेदपुर स्थित नवल टाटा हॉकी अकादमी और भुवनेश्वर का ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर संचालित किए जाते हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य जमीनी स्तर से लेकर उच्च प्रदर्शन तक हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करना है। आधुनिक कोचिंग, वीडियो एनालिटिक्स और समग्र प्रशिक्षण व्यवस्था के जरिए एचएएफ लगातार ऐसे खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है, जो आगे चलकर भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम का हिस्सा बन रहे हैं।