August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
खेल

एनआईटी की तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता, 800 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा, 178 छात्राएं

एनआईटी की तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता, 800 विद्यार्थी ले रहे हिस्सा, 178 छात्राएं

जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर अखिल भारतीय इंटर एनआईटी खेल समागम 2025-26 शुरू हो गया है। इस तीन दिवसीय आयोजन में पुरुष फुटबॉल, फुट्सल (महिला फुटबॉल) और टेबल टेनिस जैसी प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देशभर की 31 एनआईटी और आईआईईएसटी शिवपुर से आए 650 छात्र और 178 छात्राएं हिस्सा ले रहीं हैं। शनिवार को इसका शुभारंभ हुआ जबकि सोमवार को इसका समापन होगा।

पुरुष फुटबॉल में 31 एनआईटी, महिला फुटबॉल में 11 एनआईटी तथा टेबल टेनिस में पुरुषों की 22 और महिलाओं की 17 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतिभागियों की इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए, यह आयोजन अब तक के सबसे बड़े इंटर एनआईटी खेल समागमों में से एक माना जा रहा है।

भव्य उद्घाटन समारोह

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसके बेहरा सम्मिलित हुए। इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, अखिल भारतीय इंटर एनआईटी खेल समागम 2025 के ऑब्जर्वर एम सूरज सिंह (एसएएस ऑफिसर, एनआईटी सिलचर) तथा अन्य गणमान्य अतिथियों में डिप्टी डाइरेक्टर प्रो. आरवी शर्मा, डीन, छात्र कल्याण डॉ. आरपी सिंह, कुलसचिव कर्नल डॉ. एनके राय और एसएसी के अध्यक्ष प्रो. एके एल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

स्वागत संबोधन में ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी प्रो. एकेएल श्रीवास्तव ने कहा कि यह खेल समागम प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का उत्कृष्ट संगम है। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगिताओं की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।

समारोह के दौरान संस्थान के खेल शुभंकर एवं खेल समागम 2025 के आधिकारिक शुभंकर ज्ञान आइबिस का अनावरण किया गया। यह शुभंकर खिलाड़ियों की दृढ़ता, बुद्धिमत्ता और कठिन परिश्रम का प्रतीक है, जो इस आयोजन की भावना को सशक्त रूप में प्रस्तुत करता है।

🤝एकता, सहयोग और समावेशन का संदेश

खेल प्रतिस्पर्धाओं से आगे बढ़कर यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, समावेशन और संस्थानों के बीच सहयोग एवं मैत्री की भावना को प्रोत्साहित करता है। एनआईटी जमशेदपुर द्वारा प्रदान की गई अत्याधुनिक खेल सुविधा, खिलाड़ियों को उत्कृष्ट वातावरण में प्रतिस्पर्धा और संवाद का अवसर प्रदान कर रही है। यह टूर्नामेंट न केवल खेल उत्कृष्टता को प्रदर्शित करता है, बल्कि मेज़बान एनआईटी जमशेदपुर के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि भी है, जिसने आयोजन के स्तर और भागीदारी की दृष्टि से एक नई मिसाल कायम की है।

रविवार तक पुरुष फुटबॉल के कुल 42 लीग मैचों में से 35 मैच संपन्न हो चुके हैं। महिला फुटबॉल में पहला सेमीफाइनल हुआ। टेबल टेनिस (पुरुष) में प्री-क्वार्टर फाइनल्स जबकि टेबल टेनिस (महिला) में क्वार्टर फाइनल्स के मुकाबले खेले गये। एनआईटी के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के अनुसार, इस प्रकार के आयोजन न केवल खिलाड़ियों की खेल भावना को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि राष्ट्रीय संस्थानों के बीच एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत बनाते हैं।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading