August 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

दुर्गापूजा के मद्देनजर उपायुक्त ने स्वर्णरेखा व खरकई नदी के विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

दुर्गापूजा के मद्देनजर उपायुक्त ने स्वर्णरेखा व खरकई नदी के विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण

जमशेदपुर : दुर्गापूजा के मद्​देनजर प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शहर क्षेत्र में स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में भोजपुर घाट, सुवर्णरेखा घाट, पांडेय घाट, नया पुल घाट, दोमुहानी घाट, सती घाट, सब स्टेशन घाट, बेली बोधनवाला घाट तथा बड़ौदा घाट का स्थल निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने नगर निकाय एवं जुस्को प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु घाटों तक जाने वाले पहुंच पथों का मरम्मतीकरण, घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, तथा सुरक्षा मानकों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने घाटों पर बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने गोताखोर एवं आपदा प्रबंधन टीमों को विसर्जन के दौरान अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विसर्जन के समय विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान सभी सुरक्षा उपायों को मूर्त रूप दिया जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की भी विशेष भूमिका होगी।

मौके पर उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, बीडीओ जमशेदपुर सदर सुमित प्रकाश तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading