एजेंसी युवाओं से वसूल रही थी पांच-पांच हजार रुपये

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना अंतर्गत शिव सिंह बागान में संचालित एक सिक्योरिटी एजेंसी के कार्यालय में सोमवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब कुछ लोग वहां पहुंचकर नौकरी देने के नाम पर फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए हो- हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ चल रही है।
बताया जाता है कि जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर संचालित कार्यालय में सिक्योरिटी गार्ड बहाली की प्रक्रिया चल रही थी। यहां युवाओं से 5- 5 हजार वसूले जा रहे थे। नौकरी मांगने पर उन्हें टहलाया जा रहा था। इसकी सूचना जब स्थानीय लोगों को मिली तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। बताया जाता है कि दर्जनों युवा उनके ठगी का शिकार हुए हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पुलिस की जांच में क्या खुलासा होता है। क्या किंगपिन सामने आएगा या मामले को रफा- दफा कर दिया जाएगा।
युवकों को हिरासत में लेने वाले पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं। अभी नहीं बता सकते कि मामला क्या है।