हर निरक्षर तक उल्लास का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य, निरक्षरों का होगा ऑन लाइन पंजीकरण
गम्हरिया : निरक्षरता के अंधकार को दूर कर समाज के हर व्यक्ति तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने के उद्देश्य से गम्हरिया प्रखंड में उल्लास साक्षरता पखवाड़े की शुरुआत की गई। एक सितंबर से 14 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र के निरक्षरों की पहचान कर उन्हें उल्लास कार्यक्रम से जोड़ने और साक्षर बनाने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल पदाधिकारी प्रभा शंकर तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निरक्षरता को पूरी तरह समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने विद्यालयों के पोषक क्षेत्र में रहने वाले सभी निरक्षरों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि अभियान के बाद कोई भी निरक्षर इससे वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान बीआरपी, सीआरपी, नोडल शिक्षक, वॉलिंटियर, शिक्षक और उल्लास कार्यक्रम से जुड़े कर्मियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि कार्यशालाओं, सम्मेलनों, गांव की चौपाल और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान में स्कूली बच्चों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। विद्यालय स्तर पर प्रभात फेरी और साइकिल रैली निकालकर बच्चों द्वारा लोगों को उल्लास कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इसके अलावा विद्यार्थी अपने विद्यालय के पोषक क्षेत्र में भ्रमण कर निरक्षरों की पहचान और जागरूकता अभियान में सहयोग करेंगे।
प्रखंड स्तर पर अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षकों और वॉलिंटियर्स के साथ विचार-विमर्श कर रणनीति तैयार की गई। निर्धारित लक्ष्य को मिशन मोड में पूरा करने की जिम्मेदारी संबंधित शिक्षकों और वॉलिंटियर्स को दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीआरपी रेखा कुमारी ने सभी शिक्षकों से अभियान को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सीआरपी अमरेश श्रीवास्तव और सुजाता कुमारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उल्लास कार्यक्रम के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में आ रही समस्याओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने ध्वनि मत से उल्लास साक्षरता अभियान को सफल बनाने और प्रखंड क्षेत्र में निरक्षरता को दूर करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बीआरपी रेखा कुमारी, सीआरपी अमरेश श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह, यशोदा कुमारी, सुजाता कुमारी, वरुण महतो, रंगलाल महतो, देवेंद्र सिंह सरदार सहित नोडल शिक्षक, वॉलिंटियर्स और विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक मौजूद रहे।
.