रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने अभ्यर्थियों को बड़ा झटका देते हुए झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अर्हता धारक पद) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत आयोजित की जानी थी।
JSSC ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार ने 29 जुलाई 2026 को पत्र संख्या 4919 के माध्यम से दोनों विज्ञापनों से संबंधित सभी अधियाचनाएं वापस ले ली हैं।
विभाग से अधियाचनाएं वापस लिए जाने के बाद आयोग ने प्रस्तावित संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया।
आयोग के मुताबिक, विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 के अंतर्गत विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए होने वाली परीक्षा अब आयोजित नहीं की जाएगी। इसके साथ ही इन दोनों विज्ञापनों के तहत चल रही भर्ती प्रक्रिया भी समाप्त हो गई है।
परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को झटका
परीक्षा रद्द किए जाने की सूचना से लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में निराशा है। यह भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण थी, जिनके पास कंप्यूटर ज्ञान के साथ कंप्यूटर में हिंदी टंकण की निर्धारित अर्हता थी।
अब अभ्यर्थियों की नजर राज्य सरकार और JSSC की आगामी भर्ती प्रक्रियाओं पर है। हालांकि, भविष्य में संबंधित पदों के लिए सरकार की ओर से नई अधियाचना भेजे जाने पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना बनी हुई है।