सासाराम: बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दर्शन-पूजन कर गया जा रहे श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस आगे चल रहे तेल टैंकर से पीछे से जा टकराई। इस दुर्घटना में करीब 23 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 महिलाएं शामिल हैं। घायलों में 10 से अधिक लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के तिरुपुर निवासी श्रद्धालु वाराणसी से दर्शन करने के बाद टूरिस्ट बस से गया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवसागर थाना क्षेत्र में बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस आगे चल रहे तेल टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई (NHAI) की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की चिकित्सकों की निगरानी में विशेष देखभाल की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन दुर्घटनाग्रस्त बस और टैंकर को हटाने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।