कपाली के इस्लामनगर स्थित गोदाम से संचालित किया जा रहा था कारोबार
जमशेदपुर: शहर में नकली सिगरेट का धड़ल्ले से चल रहा था कारोबार। सिगरेट का शौक फरमाने वाले आराम से इसका सेवन कर रहे थे लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम था कि उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
शहर में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट जब्त की है।
इस मामले में मानगो थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस अवैध नेटवर्क के तीन कथित संचालक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस के अनुसार, नकली सिगरेट की खेप शहर की विभिन्न दुकानों में सप्लाई की जा रही थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया।
कार्रवाई के दौरान स्कूटी से नकली सिगरेट की खेप लेकर पहुंचे दो युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उनके पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से नकली सिगरेट लाकर जमशेदपुर के विभिन्न दुकानदारों तक पहुंचाते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम में छापेमारी की, जहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है। वहीं, गोदाम संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच करते हुए इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।