जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के प्रमुख अस्पतालों में शामिल टाटा मोटर्स हॉस्पिटल ने स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और अधिक मरीज-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
अस्पताल में ‘टीएमएल स्पर्श’ नामक आधुनिक हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) की शुरुआत की गई है, जिससे मरीजों को रजिस्ट्रेशन, अपॉइंटमेंट, मेडिकल रिकॉर्ड और बिलिंग जैसी सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
जमशेदपुर के टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में शनिवार को ‘टीएमएल स्पर्श’ नामक अत्याधुनिक हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (एचआईएमएस) का शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्घाटन टाटा मोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) गिरीश वाघ ने किया। इस अवसर पर मेडिकल सर्विसेज हेड एस.एल. श्रीवास्तव सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
‘टीएमएल स्पर्श’ को एकीकृत डिजिटल हेल्थकेयर समाधान के रूप में विकसित किया गया है, जो अस्पताल की विभिन्न सेवाओं और प्रक्रियाओं को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ता है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सरल, तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।
इस नए सिस्टम के माध्यम से मरीज ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और अपॉइंटमेंट बुकिंग कर सकेंगे। साथ ही मेडिकल रिकॉर्ड और जांच रिपोर्ट तक डिजिटल पहुंच, आसान बिलिंग प्रक्रिया तथा डिस्चार्ज से जुड़ी औपचारिकताओं को भी एक ही इंटरफेस पर पूरा किया जा सकेगा।
इसके अलावा मरीजों की देखभाल से जुड़ी विभिन्न अस्पताल सेवाओं का डिजिटल इंटीग्रेशन भी इस प्लेटफॉर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
टाटा मोटर्स का मानना है कि ‘टीएमएल स्पर्श’ केवल मरीजों की सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अस्पताल के क्लिनिकल संचालन को अधिक प्रभावी बनाएगा। डिजिटल डेटा के बेहतर उपयोग से उपचार संबंधी निर्णय लेने की प्रक्रिया भी अधिक सटीक और तेज होगी।
कंपनी के अनुसार यह पहल टाटा मोटर्स के डिजिटल परिवर्तन अभियान का अहम हिस्सा है। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, परिचालन दक्षता बढ़ाना तथा मरीजों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है।