एक घंटे तक कार में फंसे रहे बच्चे, मासूम ईशानी को नहीं बचा सके डॉक्टर
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर के टुंगरी इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। लावारिस हालत में खड़ी एक पुरानी कार के अंदर खेलते समय दम घुटने से बच्ची ने अपनी जान गंवा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, टुंगरी स्थित एसपीजी मिशन कंपाउंड निवासी ईशानी गोप (5) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने चचेरे भाई कुंदन गोप के साथ टुंगरी रेल ओवरब्रिज के समीप स्थित सरकारी विद्यालय विद्या मंदिर से पढ़ाई कर घर लौट रही थी।
रास्ते में बर्मन दुकान के पास एक अपार्टमेंट के बाहर लंबे समय से खड़ी एक पुरानी और लावारिस कार देखकर दोनों बच्चे उसमें खेलने के लिए बैठ गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चों के कार में बैठने के कुछ ही देर बाद उसका दरवाजा बंद हो गया और दोनों अंदर फंस गए।
बंद वाहन के भीतर पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण दोनों की हालत बिगड़ने लगी। काफी समय तक बच्चों के बाहर नहीं निकलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एक स्थानीय व्यक्ति ने कार का दरवाजा खोला। तब तक ईशानी बेहोशी की हालत में मिली।
उसे तत्काल परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, इस दर्दनाक घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और लावारिस वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि यह जांच का विषय है कि कार का दरवाजा स्वतः लॉक हुआ था या किसी शरारती तत्व ने बाहर से बंद किया था।
मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
