August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बरसा बदरा, तेज आंधी और बारिश से मिली राहत

जमशेदपुर में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बरसा बदरा, तेज आंधी और बारिश से मिली राहत

जमशेदपुर : शहर में गुरुवार को दोपहर तक भीषण उमस और तेज गर्मी से लोग बेहाल रहे। दोपहर तक चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली।

आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

अचानक बदले मौसम के कारण कई क्षेत्रों में तेज हवा के झोंकों ने लोगों को चौंका दिया। बारिश शुरू होते ही बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।

कई जगहों पर वाहन चालकों को भी बारिश और तेज हवा के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं के चलते कुछ इलाकों में पेड़ों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी बनी रही।

बारिश के बाद शहर का मौसम काफी सुहाना हो गया। लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोग राहत महसूस करते नजर आए। बच्चों और युवाओं ने भी मौसम में आए इस बदलाव का आनंद लिया, जबकि किसानों ने बारिश को फसलों के लिए लाभदायक बताया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से खेतों को नमी मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वैसे इस गर्मी के दौरान बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading