जमशेदपुर : जमशेदपुर में बकरीद पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा साफ-सफाई, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने अफवाहों से सतर्क रहने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लोग तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने संबंधित विभागों को पर्व के दौरान पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
सिटी एसपी ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा ने कहा कि किसी भी त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन में सभी समुदायों और नागरिकों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने लोगों से अपुष्ट खबरों को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने तथा किसी भी सूचना का प्रशासन से सत्यापन करने की अपील की।
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन , सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एसडीएम घाटशिला, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
